home page

अखिल गोगोई ने परिणाम से पहले ही स्वीकार की हार: दिलीप सैकिया

 | 
अखिल गोगोई ने परिणाम से पहले ही स्वीकार की हार: दिलीप सैकिया


गुवाहाटी, 19 अप्रैल (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने रविवार को विपक्षी नेता अखिल गोगोई पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही अपने इंडी गठबंधन की हार स्वीकार कर ली है।

अखिल गोगोई के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सैकिया ने आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणियां समाज को बांटने वाली मानसिकता को दर्शाती हैं। सैकिया आज भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन के बाद पत्रकारों से विशेष बातचीत कर रहे थे। इंडी गठबंधन द्वारा आज आयोजित किए जा रहे भोज पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बनाना तो दूर की बात है, कांग्रेस के लिए यह “अंतिम भोज” साबित होगा।

भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि 4 मई के बाद कांग्रेस “आईएनसी (एम)” बनकर रह जाएगी, जिससे उनका आशय पार्टी के सिकुड़ते जनाधार (एम से उनका तात्पर्य सिर्फ मुस्लिम समुदाय के बीच) से था। सैकिया के अनुसार, कांग्रेस का अस्तित्व अब केवल मुस्लिम बहुल क्षेत्रों तक सीमित रह गया है, जबकि असमिया बहुल इलाकों में पार्टी और इंडी गठबंधन का कोई प्रभाव नहीं बचा है।

उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने तथा स्वदेशी विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन कारणों से राज्य में कांग्रेस का जनाधार और कमजोर हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश