home page

असम सरकार का चार वर्ष: मुख्यमंत्री सरमा को भाजपा की बधाई

 | 
असम सरकार का चार वर्ष: मुख्यमंत्री सरमा को भाजपा की बधाई


- 'सेवा और समर्पण’ के संकल्प को बताया सरकार की ताकत

गुवाहाटी, 9 मई (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के सफल चार वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी है। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने एक बयान में कहा, “मुख्यमंत्री डॉ. सरमा के दूरदर्शी नेतृत्व और राज्य की प्रगति के लिए उनकी सतत प्रतिबद्धता के लिए प्रदेश के 65 लाख से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से हार्दिक आभार और बधाई देता हूं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री सरमा ने असम की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार किया है। राज्य सरकार की कार्यप्रणाली आज विकासोन्मुखी, समावेशी और पारदर्शी शासन का उदाहरण बन चुकी है।

पिछले चार वर्षों में राज्य ने बुनियादी ढांचे के निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। यह सारी सफलता “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र की सशक्त अभिव्यक्ति है।

सैकिया ने कहा कि इन उपलब्धियों की मूल शक्ति राज्य की जनता का अटूट आशीर्वाद, प्यार, समर्थन और सहयोग है। जनता का यही विश्वास सरकार की नींव को मजबूत करता है और भाजपा को और अधिक उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ सेवा के लिए प्रेरित करता है।

राष्ट्रीय सीमाओं की संवेदनशील स्थिति और हमारे वीर जवानों के अतुलनीय बलिदान को सम्मान देते हुए असम भाजपा ने वर्षगांठ समारोह को सादगीपूर्वक मनाने का निर्णय लिया है। सैकिया ने कहा कि “यह समय देश की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध सुरक्षा बलों के साथ एकजुटता से खड़े होने का है।” उन्होंने पुनः दोहराया कि वर्षगांठ के इस अवसर पर असम भाजपा राज्यवासियों को एकता, विनम्रता और नि:स्वार्थ सेवा के संकल्प के साथ आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश