home page

असम में एसआईआर जरूरी, एनआरसी की समीक्षा और त्रुटियों का सुधार भी आवश्यक : भाजपा

 | 
असम में एसआईआर जरूरी, एनआरसी की समीक्षा और त्रुटियों का सुधार भी आवश्यक : भाजपा


गुवाहाटी, 14 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने शनिवार को राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को आवश्यक बताते हुए राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) की समीक्षा और उसमें मौजूद त्रुटियों को दूर करने की भी मांग की।

एक बयान में भाजपा प्रवक्ता मानस शरणिया ने एसआईआर का विरोध करने को लेकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी अवैध घुसपैठ और एनआरसी के मुद्दे पर लगातार अपना रुख बदलती रही है।

उन्होंने कहा कि असम आंदोलन के प्रमुख उद्देश्यों में अवैध विदेशियों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची से हटाना शामिल था। इस आंदोलन में 860 लोगों ने अपना बलिदान दिया था। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और अखिल असम छात्र संघ (आसू) के अध्यक्ष उत्पल शर्मा भी राज्य में एसआईआर की आवश्यकता पर जोर दे चुके हैं।

एनआरसी पर भाजपा ने कहा कि 31 अगस्त, 2019 को प्रकाशित अंतिम सूची की समीक्षा होनी चाहिए तथा उसमें मौजूद गलतियों और विसंगतियों को दूर किया जाना चाहिए, ताकि वास्तविक भारतीय नागरिकों को उनका अधिकार मिल सके।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि एसआईआर और एनआरसी दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची में योग्य मतदाताओं के नाम शामिल करने और अयोग्य नाम हटाने का काम किया जाता है, जबकि एनआरसी नागरिकों का पंजीकरण है।

भाजपा ने दोहराया कि 24 मार्च, 1971 की मध्यरात्रि के बाद असम में प्रवेश करने वाले अवैध विदेशियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी ने कांग्रेस से संकीर्ण राजनीति से ऊपर उठकर राज्य में शुद्ध, विश्वसनीय और विदेशी मुक्त मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग करने की अपील की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश