अंबुबासी मेले में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा भाजपा ओबीसी मोर्चा जालुकबाड़ी मंडल
गुवाहाटी, 25 जून (हि.स.)। अंबुबासी मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भारतीय जनता पार्टी (ओबीसी) मोर्चा, जालुकबाड़ी मंडल ने सराहनीय पहल की है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संगठन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भाजपा (ओबीसी) मोर्चा जालुकबाड़ी मंडल के अध्यक्ष राधा कांत साहा तथा उपाध्यक्ष सुब्रत रंजन दास ने बताया कि संगठन लंबे समय से विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए अंबुबासी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता के लिए यह विशेष पहल की गई।
संगठन की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच सूखा खाद्य सामग्री तथा शुद्ध पेयजल का निःशुल्क वितरण किया गया।
पिछले कई दिनों से यह सेवा कार्य निरंतर चलाया जा रहा है। दूर-दराज़ क्षेत्रों से कामाख्या धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने इस सेवा का लाभ उठाया, जिससे यह कार्यक्रम व्यापक रूप से सराहा गया।
आयोजकों के अनुसार, धार्मिक आयोजनों और तीर्थयात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग देना एक महत्वपूर्ण मानवीय दायित्व है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यह सेवा अभियान संचालित किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और श्रद्धालुओं के बीच खाद्य सामग्री एवं पेयजल वितरण में सहयोग किया।
जानकारी के अनुसार, इस सेवा अभियान से कई हजार श्रद्धालु लाभान्वित हुए हैं। अंबुबासी मेले जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में भाजपा (ओबीसी) मोर्चा जालुकबाड़ी मंडल की यह मानवीय पहल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच प्रशंसा का विषय बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

