home page

भाजपा वादों पर विफल, चुनाव में घुसपैठ का मुद्दा उठाती है: सैयद नासेर हुसैन

 | 
भाजपा वादों पर विफल, चुनाव में घुसपैठ का मुद्दा उठाती है: सैयद नासेर हुसैन


गुवाहाटी, 31 मार्च (हि.स.)। कर्नाटक से राज्यसभा सांसद सैयद नासेर हुसैन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा असम में अपने प्रमुख वादों को पूरा करने में विफल रही है और केवल चुनाव के समय अवैध घुसपैठ का मुद्दा उठाती है।

गुवाहाटी में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए हुसैन ने कहा कि राज्य को अब तक बाढ़मुक्त नहीं किया गया, छह समुदायों को जनजातीय दर्जा नहीं मिला और एनआरसी का अद्यतन भी नहीं हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा 2016 और 2021 की तरह 2026 के चुनाव में भी वही पुराने वादे दोहरा रही है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने जितने विदेशी नागरिकों को निष्कासित किया, भाजपा पिछले दस वर्षों में उसका आधा भी नहीं कर सकी। हुसैन ने आरोप लगाया कि भाजपा घुसपैठ के मुद्दे का समाधान करने के बजाय इसका राजनीतिक लाभ उठाती है।

हुसैन ने राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और विभाजनकारी राजनीति का भी आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि असम की पारंपरिक सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को नुकसान पहुंचा है और जनता इस बार कांग्रेस को सत्ता में लाने की ओर अग्रसर है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश