home page

संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अनावश्यक संदेह लोकतंत्र पर कुठाराघात: बिजुली कलिता मेधी

 | 
संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अनावश्यक संदेह लोकतंत्र पर कुठाराघात: बिजुली कलिता मेधी


गुवाहाटी, 29 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी की सांसद बिजुली कलिता मेधी ने मंगलवार को कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अनावश्यक संदेह का माहौल पैदा करना लोकतंत्र पर कुठाराघात है। उन्होंने कहा कि चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।

भाजपा, असम प्रदेश के मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मेधी ने कहा कि 26 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों के साथ बैठक के बाद चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े कई मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि आयोग के अनुसार एसआईआर के प्रमुख निर्णय और संबंधित कार्यक्रम सर्वसम्मति से लिए गए थे।

मेधी ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद एसआईआर को लेकर लगाए जा रहे कई आरोपों के तथ्यात्मक आधार पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि किसी समाचार रिपोर्ट या आंशिक जानकारी के आधार पर पूरी चुनावी प्रक्रिया को संदेह के घेरे में रखना उचित नहीं है। एसआईआर और फॉर्म-6 को लेकर उठाए गए सवालों के तथ्यात्मक और प्रक्रियागत पहलुओं को अलग-अलग देखने की जरूरत है।

भाजपा सांसद ने कहा कि चुनाव आयोग देश में लोकसभा, राज्यसभा, राज्य विधानसभाओं तथा राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के चुनाव कराने वाला संवैधानिक प्राधिकरण है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठाते समय जिम्मेदारी और तथ्य आधारित चर्चा आवश्यक है।

मेधी ने 2019 के राफेल मामले का भी उल्लेख किया और कहा कि उस समय राहुल गांधी ने अपने बयान को उच्चतम न्यायालय के आदेश से जोड़ने के मामले में बाद में अदालत के समक्ष बिना शर्त माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बहस चाहे कितनी भी तीखी क्यों न हो, न्यायपालिका और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जिम्मेदार व्यवहार बनाए रखना लोकतांत्रिक राजनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

संवाददाता सम्मेलन में गुवाहाटी के महापौर मृगेन शरणिया, मध्य गुवाहाटी के विधायक विजय कुमार गुप्ता, भाजपा असम प्रदेश की उपाध्यक्ष रत्ना सिंह और प्रदेश भाजपा के मीडिया विभाग के संयोजक रूपम गोस्वामी भी मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश