home page

टिकट न मिलने पर भाजपा विधायक निहार रंजन दास ने दिया इस्तीफा, पक्षपात का लगाया आरोप

 | 
टिकट न मिलने पर भाजपा विधायक निहार रंजन दास ने दिया इस्तीफा, पक्षपात का लगाया आरोप


गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को झटका देते हुए धोलाई के विधायक निहार रंजन दास ने गुरुवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने टिकट न मिलने पर नाराजगी जताते हुए संगठन के भीतर पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए हैं।

असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को संबोधित अपने इस्तीफा पत्र में दास ने लिखा कि उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पार्टी की सेवा की तथा कम समय में धोलाई विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की छवि मजबूत करने का प्रयास किया। इसके बावजूद उनके कार्यों को उचित मान्यता नहीं मिली और आगामी चुनाव के लिए उन्हें टिकट से वंचित कर दिया गया।

उन्होंने पत्र में अपने इस्तीफे को स्वीकार करने और पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करने का अनुरोध किया।

अपने बयान में तीखा रुख अपनाते हुए दास ने टिकट वितरण में आंतरिक पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि वह वरिष्ठ भाजपा नेता परिमल शुक्लबैद्य को “रसगुल्ला” नहीं खिला सके, जिससे संकेत मिलता है कि ऐसे लोगों को ही राजनीतिक समर्थन मिलता है।

दास के इस बयान के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर पार्टी की पारदर्शिता पर सवाल उठा सकते हैं।

भाजपा छोड़ने के बावजूद दास ने स्पष्ट किया कि वह राजनीति में सक्रिय रहेंगे और आगामी चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह किसी अन्य दल में शामिल होंगे या निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश