पवन खेड़ा कांग्रेस के लिए आत्मघाती बम, अब बम का चल रहा परीक्षण : भूपेन बोरा
- नगांव लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर कांग्रेस कर रही है यूसीसी का विरोध : भूपेन बोरा
गुवाहाटी, 14 मई (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा नवनिर्वाचित भाजपा विधायक भूपेन बोरा ने गुरुवार को कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पवन खेड़ा कांग्रेस के लिए एक “आत्मघाती बम” हैं और अब उस “बम” का परीक्षण चल रहा है।
मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेन बोरा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नगांव लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को हवा देने का प्रयास कर रही है।
भाजपा विधायक ने कहा कि राज्य सरकार 26 मई को विधानसभा में यूसीसी पेश करेगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कानून में विवाह की आयु, बहुविवाह और बेटियों को संपत्ति अधिकार समेत कई महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल किए जाएंगे।
भूपेन बोरा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और राइजर दल के प्रमुख अखिल गोगोई की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता सरकार द्वारा बहुविवाह के खिलाफ उठाए गए कदमों का विरोध कर रहे हैं और इस मुद्दे पर उनकी भूमिका खिलंजिया (लोकल) विरोधी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

