home page

दिसपुर टिकट विवाद: जयंत दास का भाजपा पर हमला, नई पार्टी बनाने का ऐलान

 | 
दिसपुर टिकट विवाद: जयंत दास का भाजपा पर हमला, नई पार्टी बनाने का ऐलान


गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता जयंत कुमार दास ने दिसपुर विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिलने पर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ तीखा हमला बोला और नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की।

गुरुवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दास ने कहा कि उन्हें पांच साल पहले ही ऐसे हालात का अंदेशा था, बावजूद इसके उन्होंने 35 वर्षों तक पार्टी को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि मणिपुर जैसे कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने पार्टी के लिए काम किया, लेकिन आज उन्हें इसका उचित प्रतिफल नहीं मिला। जयंत दास गुरुवार को दिसपुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि आंतरिक सर्वे में उनका नाम दिसपुर सीट के लिए सबसे ऊपर था, फिर भी उन्हें नजरअंदाज किया गया। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि प्रद्युत बरदलै को किस आधार पर टिकट दिया गया। दास ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि असम में भाजपा का निर्माण केवल वर्तमान नेतृत्व ने नहीं किया है। उन्होंने सरकार पर “राजनीतिक सिंडिकेट” चलाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी मूल विचारधारा से भटक गई है और पुराने कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर अन्य दलों से आए नेताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या पार्टी में नेताओं की कमी हो गई है, जिसके कारण बाहरी नेताओं को टिकट देना पड़ रहा है।

दास ने कहा कि वे सदिया से धुबड़ी तक उपेक्षित लोगों को साथ लेकर एक नई क्षेत्रीय पार्टी का गठन करेंगे, जो असम और असमिया लोगों के हितों के लिए काम करेगी। उन्होंने संकेत दिया कि यदि जरूरत पड़ी तो वे जनता के दबाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी चुनाव लड़ सकते हैं।

उन्होंने घोषणा की कि वे 23 मार्च को अपना नामांकन दाखिल करेंगे और मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वे दिसपुर सीट से अपनी ताकत साबित करें। दास ने दावा किया कि दिसपुर की जनता बरदलै को उम्मीदवार के रूप में स्वीकार नहीं करती।

दास ने स्पष्ट किया कि वे अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेंगे और “पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं” के हितों की रक्षा के लिए नया मंच तैयार करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश