home page

पहली कैबिनेट बैठक में चुनावी वादों पर त्वरित कार्रवाई के लिए भाजपा ने सरकार की सराहना की

 | 
पहली कैबिनेट बैठक में चुनावी वादों पर त्वरित कार्रवाई के लिए भाजपा ने सरकार की सराहना की


गुवाहाटी, 14 मई, (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा नई सरकार की पहली ही कैबिनेट बैठक में चुनावी संकल्पों को लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाने पर सरकार की सराहना की है।

गुवाहाटी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता डॉ. सुरंजन दत्ता ने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल चुनाव से पूर्व जनता के कल्याण, समृद्धि और सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए अपना विजन डॉक्यूमेंट प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि 2026 के असम विधानसभा चुनाव में भाजपा असम प्रदेश ने 31 जनहितकारी और परिवर्तनकारी संकल्पों वाला विस्तृत संकल्प पत्र जनता के सामने रखा था।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में राजग गठबंधन को प्रचंड जनादेश मिलने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने 12 मई को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद 13 मई को ही नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल सभी 31 वादों को अगले पांच वर्षों में लागू करने का निर्णय लिया गया।

डॉ. दत्ता ने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री ने असम विधानसभा में स्पष्ट रूप से कहा था कि यदि जनता उन्हें दोबारा सत्ता सौंपती है तो राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इसी प्रतिबद्धता को निभाते हुए सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल की पहली ही कैबिनेट बैठक में यूसीसी लागू करने संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

उन्होंने बताया कि कैबिनेट बैठक में यूसीसी के अलावा सुशासन, आधारभूत संरचना विकास, रोजगार सृजन, परिवहन सुधार तथा प्रशासनिक पुनर्गठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए, जिनका उद्देश्य असम के विकास को नई गति प्रदान करना है।

रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य में अतिरिक्त दो लाख सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए मुख्य सचिव के नेतृत्व में एक विशेष कार्यबल गठित करने का निर्णय लिया गया है।

भाजपा असम प्रदेश ने मुख्यमंत्री डॉ. सरमा को चुनावी संकल्पों को पहली ही कैबिनेट बैठक में अमल में लाने की दिशा में निर्णायक पहल करने के लिए बधाई एवं आभार व्यक्त किया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश