प्रदेश भाजपा ने मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का किया विरोध
इटानगर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस विवादित बयान के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है, जिसमें उन्होंने पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया था।
आज इटानगर में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हुए और प्रधानमंत्री की गरिमा पर किए गए इस 'अस्वीकार्य हमले' के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। राज्य महासचिव तादार निगलार और जुन्टी सिंगफो के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान खड़गे का पुतला भी जलाया गया। इसके जरिए कांग्रेस नेतृत्व द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा के खिलाफ एक कड़ा राजनीतिक संदेश दिया गया।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए प्रदेश महासचिव तादार निगलार ने कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध कभी भी देश के चुने हुए नेता के प्रति व्यक्तिगत अपमान का बहाना नहीं बनना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक चर्चा में गरिमा और मर्यादा बनाए रखने को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि भारत की जनता रचनात्मक राजनीति, जवाबदेह नेतृत्व और सम्मानजनक बहस की हकदार है, न कि प्रधानमंत्री पर किए जाने वाले व्यक्तिगत हमलों की।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के प्रति अपना समर्थन दोहराया और कहा कि वे ऐसी अपमानजनक राजनीतिक बयानबाजी के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

