बाढ़ पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है भाजपा : प्रदेश भाजपा
गुवाहाटी, 30 जुलाई (हि.स.)। असम में हालिया विनाशकारी बाढ़ के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दावा किया है कि पार्टी के कार्यकर्ता राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटे हुए हैं। भाजपा प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से जारी बयान में भाजपा असम प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट अशीष भराली ने कहा कि पार्टी बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार के साथ संवेदना, सेवा और समर्पण की भावना से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत सामग्री पहुंचाने तथा अब पुनर्वास और क्षतिग्रस्त घरों व गांवों के पुनर्निर्माण तक भाजपा कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता प्रभावित क्षेत्रों में घरों, आंगनों और सार्वजनिक स्थानों से कीचड़ हटाकर सफाई अभियान चला रहे हैं, ताकि सामान्य जनजीवन जल्द बहाल हो सके।
भराली ने बताया कि नाजिरा, सोनारी, महमारा और डिमो विधानसभा क्षेत्रों के विधायक मयूर बरगोहाई, धर्मेश्वर कोंवर, सूरज दिहिंगिया और सुशांत बरगोहाईं राहत एवं पुनर्वास कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं मंत्री बिमल बोरा, अतुल बोरा, अजंता नेओग, रामेश्वर तेली और पवित्र मार्घेरिटा भी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की है।
पार्टी के बयान के अनुसार, बुधवार को भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेयी भवन से लगभग 16 करोड़ रुपये मूल्य की राहत सामग्री रवाना की, जिसमें 1.80 लाख मेखला-चादर, 1.80 लाख बच्चों की टी-शर्ट तथा 1.50 लाख मच्छरदानियां शामिल हैं। इसके अलावा, असम को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड ने शिवसागर और चराईदेव जिलों के अपने ऋणधारकों को छह महीने तक ईएमआई भुगतान में स्थगन (मोराटोरियम) देने की घोषणा की है।
भाजपा ने कहा कि वह बाढ़ प्रभावित प्रत्येक नागरिक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और राहत, पुनर्वास तथा सामान्य जनजीवन की बहाली तक अपनी सेवाएं जारी रखेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

