सिद्धार्थ भट्टाचार्य का टिकट कटा, भाजपा की पहली सूची में बड़े बदलाव
गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। आगामी असम विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, जिसमें कई मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं, नए चेहरों को मौका दिया गया है और कई सीटों पर रणनीतिक फेरबदल किया गया है।
इस सूची में सबसे चर्चित नाम पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सिद्धार्थ भट्टाचार्य का है, जिन्हें न्यू गुवाहाटी सीट से टिकट नहीं दिया गया है। उनकी जगह पार्टी ने सामागुड़ी के मौजूदा विधायक दिप्लू रंजन शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
भट्टाचार्य का नाम सूची से बाहर होने पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वर्ष 1995 से भाजपा से जुड़े भट्टाचार्य 2014–15 में राज्य इकाई के अध्यक्ष रहे थे और असम में पार्टी के विस्तार में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। विशेष रूप से, उन्हें डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को भाजपा में लाने में भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
उनका राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वर्ष 2011 में ईस्ट गुवाहाटी सीट हारने के बाद उन्होंने 2016 में भारी मतों से जीत दर्ज की थी। इसके बाद वह 2018 से 2021 तक राज्य के शिक्षा मंत्री भी रहे। हालांकि, पहले मंत्रिमंडल से बाहर होना और अब टिकट कटना, पार्टी के भीतर बदलते समीकरणों की ओर संकेत कर रहा है।
भाजपा ने अन्य कई प्रमुख नेताओं के भी टिकट काटे हैं। वरिष्ठ नेता विधायक अतुल बोरा की जगह पूर्व कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै को उम्मीदवार बनाया गया है। पलासबाड़ी में विधायक हेमांग ठाकुरिया की जगह हिमांशु शेखर बैश्य को उतारा गया है, जबकि बिहपुरिया में विधायक अमिय भुइयां की जगह पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा को टिकट दिया गया है।
होज़ाई से विधायक रामकृष्ण घोष की जगह शिलादित्य देव को मैदान में उतारा गया है, जबकि बिहाली में विधायक दिगंत घटोवाल की जगह मुनींद्र दास को उम्मीदवार बनाया गया है। बरसोला में विधायक गणेश लिम्बू की जगह रितु बरन शर्मा को टिकट दिया गया है।
हालांकि, पार्टी ने कुछ पुराने चेहरों पर भरोसा कायम रखा है। सुरेन फुकन को डिगबोई से दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि डिब्रूगढ़ से प्रशांत फूकन को बरकरार रखा गया है। तिनसुकिया में पुलक गोहाईं को टिकट दिया गया है, जबकि संजय किशन को माकुम सीट से चुनाव लड़ाया जाएगा।
इसके अलावा, बिस्वनाथ में प्रमोद बरठाकुर की जगह पल्लव लोचन दास, बोकाजन में नोमल मोमिन की जगह सूर्या रोंगफर को उम्मीदवार बनाया गया है। सिलचर में पूर्व सांसद राजदीप रॉय को टिकट दिया गया है, जिन्होंने दिपायन चक्रवर्ती की जगह ली है।
वहीं, जोरहाट सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने जा रहा है, जहां मौजूदा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हितेंद्र नाथ गोस्वामी का सामना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई से होगा, जिससे यह सीट हाई-प्रोफाइल बन गई है।
असम सरकार की मंत्री एवं भाजपा नेता नंदिता गार्लोसा का भी टिकट काटा गया है। बताया जा रहा है कि नंदिता संभवतः शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकती हैं। इसी तरह अन्य कई नेता हैं, जिनका टिकट काटा गया है, वे अपने भविष्य को लेकर आगे की रणनीति तैयार करने में जुट गये हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

