home page

भाजपा ने राहुल गांधी पर कानून व्यवस्था की स्थिति पैदा करने का लगाया आरोप

 | 

इटानगर, 22 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी द्वारा नई दिल्ली में प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के सामने विरोध प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करने की आज कड़े शब्दों में निंदा की।

आज इटानगर में भाजपा मुख्यालय में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए, प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता मुत्चू मिथी ने कहा कि निट परीक्षा का पेपर लीक होने की खबर सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तुरंत कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप इस रैकेट में कथित तौर पर शामिल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया और जेल भेजा गया। तुरंत दोबारा परीक्षा भी आयोजित की गई और इस मामले में कानूनी प्रक्रिया चल रही है, लेकिन हमें समझ नहीं आ रहा कि विरोध क्यों किया जा रहा है।

सरकार देश के शीर्ष कानूनी विशेषज्ञों की मदद से यह सुनिश्चित करेगी कि ऐसे गंभीर अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा, विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के सामने विरोध प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करने की कड़ी निंदा करते हैं। जबकि, उनकी मांग के अनुसार भाजपा संसद में इस मामले को उठाने के लिए तैयार थी, उन्होंने अपनी बात बदल दी और विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने लगे और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करने की कोशिश की जा रही है जो सरासर गलत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने इटानगर के राजभवन के सामने भी विरोध प्रदर्शन आयोजित किया, और इससे यह साबित होता है कि कांग्रेस शांति नहीं चाहती है और बातचीत से मामले को हल करना नहीं चाहती है; कांग्रेस देश में कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करने की योजना बना रही है।

आज प्रदेश भाजपा ने भी कांग्रेस पार्टी के कानून विरोधी कृत्य के जवाब में अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस भवन के सामने धरना आयोजित किया।

बीती रात अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष बोसीराम सिराम के नेतृत्व में राजभवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी