home page

प्रधानमंत्री आवास पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की भाजपा ने की निंदा

 | 
प्रधानमंत्री आवास पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की भाजपा ने की निंदा


गुवाहाटी, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए विरोध प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एक संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने का प्रयास किया है, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।

भाजपा ने एक बयान में कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं को गुमराह करने और सत्ता परिवर्तन से जुड़े ऐसे कथानक प्रस्तुत करने का प्रयास कर रहे हैं, जिनसे बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होने का संदेश जाता है। पार्टी ने प्रधानमंत्री आवास तक विरोध मार्च को गैर-जिम्मेदाराना कदम बताया।

इसी के विरोध में भाजपा, असम प्रदेश ने बुधवार को गुवाहाटी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भवन में विरोध सभा आयोजित की। पार्टी के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर राष्ट्रीय मुद्दों का राजनीतिकरण करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

विरोध सभा में असम सरकार के मंत्री पीयूष हजारिका, अशोक सिंघल, नीलिमा देवी, बिस्वजीत दैमारी, कौशिक राय और कृष्णेंदु पॉल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश भाजपा पूर्व अध्यक्ष भवेश कलिता, विधायक प्रशांत फूकन और राजदीप रॉय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन इसका उपयोग राजनीतिक नाटक, प्रशासनिक व्यवधान या संकीर्ण राजनीतिक हितों के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

भाजपा ने सभी राजनीतिक दलों से संविधान की मर्यादा, कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर तथ्य आधारित और रचनात्मक संवाद में भाग लेने की अपील की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश