नगांव उपचुनाव में भाजपा का दावा, देवाशीष शर्मा बनेंगे सांसद : पीयूष हजारिका
गुवाहाटी, 13 सितंबर (हि.स.)। असम के मंत्री पीयूष हजारिका ने रविवार को नगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार नगांव के सांसद भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा होंगे। उन्होंने कहा कि भले ही नगांव को भाजपा का पारंपरिक रूप से मजबूत संसदीय क्षेत्र नहीं माना जाता, लेकिन पार्टी को क्षेत्र की जनता से व्यापक समर्थन मिल रहा है।
हजारिका ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के चयन को लेकर पार्टी के भीतर खींचतान जारी है। उन्होंने दावा किया कि टिकट को लेकर शिवामणि बोरा और दुर्लभ सुमुआ के बीच मुकाबला चल रहा है।
इस बीच, उपचुनाव से पहले नगांव में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। सामागुड़ी के रूपही में रविवार को एक हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। पीयूष हजारिका और प्रद्युत बरदलै की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में इन कार्यकर्ताओं ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।
यह घटनाक्रम सामागुड़ी में कांग्रेस के लिए लगातार बढ़ती मुश्किलों के बीच सामने आया है। रकीबुल हुसैन के करीबी माने जाने वाले अब्दुल मालेक और ओसमान अली के कांग्रेस छोड़ने के बाद पार्टी में और भी टूट की स्थिति बनी है।
भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वे कथित तौर पर हुसैन पिता-पुत्र की राजनीति और परिवारवाद से परेशान थे। अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े इन कार्यकर्ताओं ने कहा कि इसी असंतोष के कारण उन्होंने सामूहिक रूप से कांग्रेस छोड़कर भाजपा का रुख किया है।
कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि आने वाले समय में सामागुड़ी में कांग्रेस का झंडा थामने वाला कोई नहीं बचेगा। वहीं, भाजपा में शामिल हुए अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने उम्मीद जताई कि भाजपा के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

