भारी जनसमर्थन के बीच भाजपा प्रत्याशियों ने किया नामांकन, मुख्यमंत्री ने फिर शुरू की जन आशीर्वाद यात्रा
गुवाहाटी, 23 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पूरे राज्य में अपने संगठनात्मक बल और जनसमर्थन का व्यापक प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रत्याशियों ने विभिन्न जिलों में हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किए, जिससे कई स्थानों पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
भाजपा की ओर से जारी बयान में मीडिया पैनलिस्ट प्रियंका तामुली ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां और रोड शो आयोजित किए गए, जिनमें भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पार्टी ने इसे आगामी चुनावों को लेकर जनता के उत्साह और विश्वास का संकेत बताया।
20 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, अजंता नेओग और अशोक सिंघल सहित कुल 24 प्रत्याशियों ने अपने-अपने जिला मुख्यालयों में नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इसके बाद 23 मार्च को जयंतमल्ल बरुवा, दिप्लू रंजन सरमा, प्रद्युत बरदलै, विजय गुप्ता और नीलिमा देवी सहित 66 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में औपचारिक रूप से प्रवेश किया। इन सभी कार्यक्रमों में विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी दर्ज की गई।
प्रियंका तामुली ने कहा कि नामांकन के दौरान दिखा उत्साह और जनसहभागिता इस बात का संकेत है कि राज्य की जनता विकास की निरंतरता चाहती है। उन्होंने दावा किया कि “डबल इंजन सरकार” के तहत असम में तेज विकास, बुनियादी ढांचे का विस्तार, निवेश में वृद्धि और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है, जिसका सकारात्मक प्रभाव आम लोगों के जीवन पर पड़ा है।
इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अपनी “जन आशीर्वाद यात्रा” के दूसरे चरण की शुरुआत भी कर दी है। सोमवार को उन्होंने जालुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में यात्रा में हिस्सा लिया, जिसकी शुरुआत बोरिपारा खेल मैदान से हुई और आदाबाड़ी तिनिआली तथा पांडु पोर्ट रोड होते हुए जालुकबाड़ी थाना के पास इसका समापन हुआ।
भाजपा ने इस चुनाव को असम के भविष्य को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए राज्य में विकास, शांति और स्थिरता को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

