home page

दौल उत्सव के बाद घोषित होगी भाजपा प्रत्याशियों की सूची : दिलीप सैकिया

 | 
दौल उत्सव के बाद घोषित होगी भाजपा प्रत्याशियों की सूची : दिलीप सैकिया


नलबाड़ी, 28 फरवरी (हि.स.)। आगामी 16वीं असम विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव की तिथि नजदीक आते ही विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि कांग्रेस और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है, लेकिन जल्द ही सूची घोषित किए जाने के संकेत मिले हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा है कि पार्टी की प्रत्याशी सूची दौल (होली) उत्सव के बाद घोषित की जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक के पश्चात पहली और दूसरी सूची दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय से जारी की जाएगी।

नलबाड़ी में उत्तर नलबाड़ी मंडल भाजपा कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने यह जानकारी दी। कार्यालय का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष सैकिया ने किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री जयंत मल्लबरुवा, जिला भाजपा अध्यक्ष जयंत बु़जरबरुवा तथा मंडल अध्यक्ष नंदलाल सरकार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सैकिया ने विश्वास जताया कि पिछले दस वर्षों में, विशेषकर पिछले पांच वर्षों में राज्य में हुए अभूतपूर्व विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में जनता का आशीर्वाद भाजपा और मुख्यमंत्री को प्राप्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश