home page

असम की सामाजिक विविधता को दर्शाती है भाजपा उम्मीदवारों की सूची: पबित्र मार्घेरिटा

 | 
असम की सामाजिक विविधता को दर्शाती है भाजपा उम्मीदवारों की सूची: पबित्र मार्घेरिटा


गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा असम विधानसभा चुनाव के लिए जारी उम्मीदवारों की पहली सूची राज्य की सामाजिक विविधता का प्रतिनिधित्व करती है।

उम्मीदवारों की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सूची का अवलोकन करने पर स्पष्ट होता है कि इसमें विभिन्न जनजातियों, उप-जनजातियों और समाज के अलग-अलग वर्गों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि असम अनेक जातियों, समुदायों और वर्गों वाला राज्य है और सूची में सभी का संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है।

मार्घेरिटा ने यह भी बताया कि पार्टी ने “नारी शक्ति” और “युवा शक्ति” को प्राथमिकता देते हुए कई महिलाओं और युवाओं को टिकट दिया है। उनके अनुसार, दस से अधिक युवा नेताओं के साथ-साथ जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी उम्मीदवार बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि यह चयन प्रक्रिया उभरते नेतृत्व को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक संतुलन बनाए रखने की भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि इस सूची को असम में पार्टी के लगभग 65 लाख सदस्यों और आम जनता से व्यापक सराहना मिली है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा अब तक असम विधानसभा की 89 में से 88 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, जबकि अंतिम उम्मीदवार का नाम जल्द घोषित किए जाने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश