home page

कांग्रेस समाज को बांटती है, भाजपा राष्ट्र निर्माण करती है : दिलीप सैकिया

 | 
कांग्रेस समाज को बांटती है, भाजपा राष्ट्र निर्माण करती है : दिलीप सैकिया


- वाजपेयी भवन में ‘भाजपा वार्ता’ का विमोचन, कांग्रेस नेताओं समेत कई लोगों ने भाजपा का दामन थामा

गुवाहाटी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं दरंग-उदालगुड़ी लोकसभा सांसद दिलीप सैकिया ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस समाज को तोड़ने वाली पार्टी है, जबकि भाजपा समाज को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने वाली पार्टी है।

सैकिया ने यह बातें भाजपा के प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक समारोह में कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ऐसी पार्टी है, जो राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित भाव से काम करती है।

उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों का भाजपा में शामिल होना पार्टी के सिद्धांतों, आदर्शों और सुशासन के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है। नए सदस्यों के अनुभव, क्षमता और जनसंपर्क से पार्टी का संगठन और मजबूत होगा तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों को अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

समारोह में असम प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव रीता सिन्हा और नबीना सुल्ताना मजूमदार सहित कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सैकिया ने कहा कि नए महिला नेताओं ने असम प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर के नेतृत्व में विश्वास की कमी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में आज ऐसे कार्यकर्ताओं के लिए कोई स्थान नहीं है जो अपने आत्मसम्मान को बनाए रखते हैं।

भाजपा में शामिल होने वालों में रीता सिन्हा, नबीना सुल्ताना मजूमदार, बिक्रम ज्योति दास, अमर ज्योति बनिया, रथिन तालुकदार, प्रसेनजीत सिन्हा, जुगमाया सिन्हा, शुभा सिन्हा, करबी डेका, शरीफा बेगम और राधा छेत्री शामिल हैं।

राष्ट्रपति से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले नवोन्मेषक कनक गोगोई के अलावा बिनय राय, प्रथम राय, मोंटू चौरसिया, अमित सहनी और सब्यसाची घोष ने भी भाजपा की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलीप सैकिया ने की, जबकि संचालन प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष अशोक भट्टाराई ने किया। प्रदेश उपाध्यक्ष रत्ना सिंह, गुवाहाटी महानगर जिला भाजपा अध्यक्ष तपन दास सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता समारोह में मौजूद थे।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के नियमित मुखपत्र ‘बीजेपी बार्ता’ का भी विमोचन किया गया। पार्टी की स्थापित परंपरा के अनुसार इसका विमोचन प्रत्येक महीने की पहली तारीख को किया जाता है। सैकिया ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से प्रत्येक महीने की पहली तारीख को ‘बीजेपी बार्ता’ का लगातार प्रकाशन एक राजनीतिक संगठन के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश