home page

काजीरंगा मुद्दे पर गौरव गोगोई पर भाजपा का हमला, कांग्रेस शासन में गैंडों की मौत का रिकॉर्ड गिनाया

 | 
काजीरंगा मुद्दे पर गौरव गोगोई पर भाजपा का हमला, कांग्रेस शासन में गैंडों की मौत का रिकॉर्ड गिनाया


गुवाहाटी, 30 अगस्त (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई पर तीखा हमला बोला। भाजपा के मीडिया पैनलिस्ट अमल नारायण पटवारी ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के कार्यकाल में 239 एक सींग वाले गैंडों की मौत हुई थी और तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने गैंडों के शिकार तथा अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

काजीरंगा के कुछ क्षेत्रों में इको-सेंसिटिव जोन (ईएसजेड) को 10 किलोमीटर से घटाकर 1 किलोमीटर किए जाने को लेकर जारी विवाद का उल्लेख करते हुए पटवारी ने कांग्रेस के आंदोलन को “मगरमच्छ के आंसू” करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि कलियाबोर से सांसद रहने के दौरान गौरव गोगोई ने संसद में गैंडा शिकार, अवैध अतिक्रमण और काजीरंगा को बाढ़ से होने वाले खतरे के मुद्दे क्यों नहीं उठाए।

पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार ने वन्यजीवों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, वनकर्मियों को आधुनिक हथियार एवं उपकरण उपलब्ध कराना और एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में पहल शामिल है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद काजीरंगा लैंडस्केप से जुड़े संरक्षित क्षेत्र में 478 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है।

भाजपा नेता ने गौरव गोगोई पर बाढ़ के मुद्दे का राजनीतिकरण करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि गोगोई ने शिवसागर और चराईदेव के बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात नहीं की।

पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सरकारी नौकरियों में नियुक्तियों, कई स्टेडियमों के निर्माण, गुवाहाटी में फ्लाईओवर के उद्घाटन, छात्रों द्वारा 1.5 करोड़ पौधे लगाने तथा बाबू योजना और अरुणोदय 3.0 के कार्यान्वयन का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 78,490 माताओं को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से 30.26 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि आगामी नगांव लोकसभा उपचुनाव को देखते हुए गौरव गोगोई विभिन्न मुद्दों का राजनीतिकरण कर रहे हैं और सरकार के विकास एजेंडे में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश