असम भाजपा ने जनकल्याण और विकास से जुड़े कैबिनेट फैसलों का किया स्वागत
गुवाहाटी, 19 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम प्रदेश इकाई ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए जनहितैषी फैसलों का स्वागत किया है। पार्टी ने कहा कि इन निर्णयों से राज्य में विकास की गति तेज होगी तथा युवाओं, छात्रों, श्रमिकों, उद्यमियों, किसानों और आम जनता के हितों को मजबूती मिलेगी।
वाजपेयी भवन स्थित भाजपा मुख्यालय से आज जारी बयान में पार्टी के मीडिया पैनलिस्ट त्रिदीब मोरान ने कहा कि कैबिनेट के फैसले असम के समग्र विकास को नई गति देने वाले हैं।
भाजपा ने असम निजी कोचिंग संस्थान (विनियमन एवं छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य का संरक्षण) नियम, 2026 बनाए जाने के फैसले का विशेष रूप से स्वागत किया। पार्टी ने कहा कि इससे कोचिंग संस्थानों के लिए नियामक व्यवस्था मजबूत होगी और छात्रों की मानसिक सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा समान अवसर सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
पार्टी ने युवा सशक्तीकरण एवं विकास विभाग के गठन को भी महत्वपूर्ण कदम बताया। भाजपा के अनुसार, इससे रोजगार, करियर मार्गदर्शन, उद्यमिता, नेतृत्व विकास और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के नए अवसर पैदा होंगे।
दुग्ध सहकारी समितियों को डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाने के फैसले का स्वागत करते हुए पार्टी ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया आसान होगी और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इसी तरह, “मिनी सचिवालय, बराक घाटी” का नाम बदलकर “असम सचिवालय, बराक घाटी, सिलचर” किए जाने को भाजपा ने क्षेत्र के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
भाजपा ने बाल संरक्षण नीति, 2026 को मंजूरी देने तथा किशोर न्याय अधिनियम, 2015 के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूत करने के फैसले का भी स्वागत किया। पार्टी ने कहा कि इससे बच्चों के अधिकार, सुरक्षा और कल्याण को और मजबूती मिलेगी।
असम औद्योगिक संबंध नियम, 2026 और असम सामाजिक सुरक्षा नियम, 2026 को मंजूरी दिए जाने को पार्टी ने औद्योगिक एवं श्रम क्षेत्रों को आधुनिक, पारदर्शी और श्रमिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में असम हाइड्रोकार्बन अवशोषण, उत्पादन एवं औद्योगिक पर्यावरण विकास नीति, 2026 को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए भाजपा ने इसे सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता बताया।
पार्टी ने आईआईएम गुवाहाटी के स्थायी परिसर के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण और अन्य स्वीकृतियों को भी महत्वपूर्ण बताया। भाजपा के अनुसार, इससे उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और असम को पूर्वोत्तर के प्रमुख शिक्षा एवं ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, कमलपुर, बरहमपुर, रंगापानी, सासिबरगांव, चाबुआ-लाहोवाल, खुमटाई, काटीगोरा और बरखोला नए उप-जिलों को कार्यात्मक बनाने के निर्णय का भी भाजपा ने स्वागत किया। पार्टी ने कहा कि इससे प्रशासन लोगों के और करीब पहुंचेगा तथा नागरिक सेवाएं अधिक सुलभ, तेज और प्रभावी होंगी।
त्रिदीब मोरान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के सिद्धांत के तहत राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने इन जनहितैषी फैसलों के लिए मुख्यमंत्री और असम सरकार को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि ये पहल मजबूत, आत्मनिर्भर, आधुनिक और विकसित असम के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

