home page

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर भाजपा असम प्रदेश महिला मोर्चा ने किया हस्तकरघा विरासत का सम्मान

 | 
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर भाजपा असम प्रदेश महिला मोर्चा ने किया हस्तकरघा विरासत का सम्मान


गुवाहाटी, 07 अगस्त (हि.स.)। भाजपा असम प्रदेश महिला मोर्चा ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर गुरुवार को गुवाहाटी के बशिष्ठ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भवन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान असम की समृद्ध हथकरघा परंपरा को प्रदर्शित करने के लिए दिनभर हस्तकरघा प्रदर्शनी लगाई गई तथा इस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली चार महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया।

पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता क्वीन ओझा ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जिसमें स्थानीय बुनकरों और कारीगरों द्वारा तैयार पारंपरिक हस्तकरघा उत्पादों के 15 स्टॉल लगाए गए थे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अलकानंदा दास, मधु जैन, भावना प्रिया कलिता और कल्याणी तामुली को हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान असम सरकार की मंत्री नीलिमा देवी की उपस्थिति में प्रदान किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए नीलिमा देवी ने कहा कि हथकरघा उद्योग केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि असम की संस्कृति, विरासत और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार बुनकरों के हितों की रक्षा, पारंपरिक वस्त्र विरासत के संरक्षण तथा हस्तकरघा उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गामोसा और मेखेला चादर जैसे असम के पारंपरिक वस्त्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली है।

भाजपा असम प्रदेश महिला मोर्चा के मीडिया विभाग की सह-संयोजक आशा डेका ने कहा कि राष्ट्रीय हथकरघा दिवस भारत की समृद्ध बुनाई परंपरा और लाखों बुनकरों को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने बताया कि देश में 35.2 लाख से अधिक बुनकर, कारीगर और श्रमिक इस क्षेत्र से जुड़े हैं, जिनमें 72 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इंडिया हैंडलूम ब्रांड, हैंडलूम मार्क, जीआई टैगिंग, डिज़ाइन अवसंरचना और डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसी विभिन्न पहलों के माध्यम से हस्तकरघा क्षेत्र को नई पहचान और वैश्विक बाजार तक पहुंच मिली है।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद क्वीन ओझा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अमिय कुमार भुइयां, मनोज बरुवा, रत्ना सिंह, गुवाहाटी के महापौर मृगेन सरनिया, उपमहापौर स्मिता रॉय, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता किशोर उपाध्याय, प्रवक्ता रंजीव कुमार शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश