home page

असम में भाजपा की राज्यव्यापी जन जागरण रैली, नलबाड़ी से हुई शुरुआत

 | 
असम में भाजपा की राज्यव्यापी जन जागरण रैली, नलबाड़ी से हुई शुरुआत


गुवाहाटी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन पर राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को नलबाड़ी से राज्यव्यापी 'जन जागरण समदल' की शुरुआत की। यह अभियान 31 अक्टूबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में चलाया जाएगा।

भाजपा असम प्रदेश के मीडिया पैनलिस्ट धर्मकांत गोगोई ने बताया कि नलबाड़ी में आयोजित पहली रैली में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया, प्रदेश संगठन महामंत्री रवींद्र राजू, मंत्री जयंत मल्लबरुवा, वरिष्ठ नेता चंद्रमोहन पटवारी, विधायक नारायण डेका सहित हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया।

गोगोई ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार और राजनीतिक अस्थिरता के प्रयासों के विरुद्ध जनमत तैयार करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत करने और जनता के जनादेश का सम्मान सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का सटीक और त्रुटिरहित होना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को गुवाहाटी में जन जागरण रैली आयोजित की जाएगी। इसके बाद 31 अक्टूबर तक सिलचर, तेजपुर, बरपेटा, जोरहाट और डिब्रूगढ़ सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कांग्रेस की चुनाव परिणामों को लेकर कथित दोहरी नीति की आलोचना करते हुए गोगोई ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस और उसके सहयोगी दल विभिन्न राज्यों में चुनाव जीतते हैं, तब निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते। उन्होंने झारखंड, केरल और तमिलनाडु में गठबंधन सरकारों के गठन, महाराष्ट्र और हरियाणा में प्रदर्शन तथा पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सरकारों का उल्लेख किया। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली 99 सीटों का भी हवाला दिया।

गोगोई ने कहा कि जन जागरण रैली के माध्यम से भाजपा राज्यभर में चुनावी पारदर्शिता, संस्थागत विश्वसनीयता और लोकतांत्रिक जवाबदेही का संदेश पहुंचाएगी। उन्होंने दोहराया कि पार्टी शांति, एकता और निरंतर विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा देश की प्रगति में बाधा डालने वाली ताकतों का विरोध करती रहेगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश