home page

काजीरंगा सड़क हादसे पर भाजपा असम प्रदेश ने जताया गहरा शोक

 | 
काजीरंगा सड़क हादसे पर भाजपा असम प्रदेश ने जताया गहरा शोक


गुवाहाटी, 13 नवंबर (हि.स.)। काजीरंगा में हुए भीषण और हृदयविदारक सड़क हादसे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता किशोर उपाध्याय ने एक बयान जारी कर कहा कि इस दुखद हादसे ने पूरे असम को स्तब्ध और मर्माहत कर दिया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने हादसे में घायल लोगों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। वहीं, मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद रहकर बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में भाजपा शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगतों के परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और साहस प्रदान करें।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश