विपक्ष अराजकता फैलाकर असम के विकास को रोकने की साजिश में जुटा : भाजपा
गुवाहाटी, 13 जुलाई (हि.स.)। भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता रंजीब कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, अन्य विपक्षी दलों तथा स्वयंभू बुद्धिजीवियों का एक वर्ग सुनियोजित तरीके से असम में अराजकता का माहौल बनाकर राज्य की विकास यात्रा को बाधित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाओं, दुष्प्रचार और झूठे प्रचार के जरिए समाज में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन जनता ऐसे प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देगी।
भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में शर्मा ने कहा कि कांग्रेस से जुड़े लोग जानबूझकर झूठे और तोड़-मरोड़कर पेश किए गए तथ्यों के माध्यम से हिंसा और अशांति का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि असम की जनता पहले ही विधानसभा चुनावों में ऐसी नकारात्मक राजनीति और विचारधारा को लोकतांत्रिक तरीके से खारिज कर चुकी है।
प्रवक्ता ने कहा कि असम की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा लेनिन, स्टालिन, माओ जेदोंग और चे ग्वेरा जैसी हिंसक विचारधाराओं को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि इन नेताओं के शासनकाल या आंदोलनों से लाखों लोगों की मौत हुई थी और ऐसे व्यक्तित्वों का महिमामंडन असम की सभ्यतागत विरासत के विपरीत है।
उन्होंने महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के मानवता, करुणा और सह-अस्तित्व के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि असम की मूल संस्कृति हमेशा शांति और मानवीय मूल्यों की पक्षधर रही है। शर्मा ने कहा कि कला, बौद्धिकता या राजनीतिक अभिव्यक्ति के नाम पर हिंसा और रक्तपात से जुड़ी विचारधाराओं को बढ़ावा देने के प्रयासों को असम का समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। संवाददाता सम्मेलन में भाजपा की राज्य मीडिया पैनलिस्ट प्रियंका तामुली भी उपस्थित थीं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

