फेसबुक लाइव के जरिए असम को अस्थिर करने की साजिश, नीलोत्पल बोरा को भाजपा ने बताया 'वर्चुअल टेररिस्ट'
गुवाहाटी, 27 जुलाई (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रंजीब कुमार शर्मा ने सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कलाकार नीलोत्पल बोरा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कोई भी सच्चा कलाकार स्वयं को कलाकार घोषित नहीं करता, बल्कि यह सम्मान जनता अपने स्नेह और विश्वास से देती है। शर्मा ने आरोप लगाया कि नीलोत्पल बोरा ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा तथा मुख्यमंत्री राहत कोष के लाभार्थियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर कलाकार की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से अब तक मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से लगभग 32 हजार गंभीर बीमारियों से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। ऐसे मानवीय प्रयास का उपहास उड़ाना और लाभार्थियों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना हजारों जरूरतमंद लोगों का अपमान है। भाजपा ने नीलोत्पल बोरा के इस कथित व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें भविष्य में ऐसी भाषा का प्रयोग न करने की चेतावनी दी।
रंजीब कुमार शर्मा ने 27 जुलाई को किए गए नीलोत्पल बोरा के फेसबुक लाइव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उसमें उन्होंने राज्य सरकार को अस्थिर करने की मंशा जाहिर की और आने वाले दिनों में सरकार को संकट में डालने की बात कही। भाजपा प्रवक्ता ने इसे गंभीर मामला बताते हुए आशंका व्यक्त की कि असम विरोधी तत्व ऐसे बयानों का फायदा उठा सकते हैं। उन्होंने असम पुलिस से बोरा की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की और उन्हें वर्चुअल टेररिस्ट करार दिया।
शर्मा ने कहा कि जब ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित जिलों में लाखों लोग संकट से जूझ रहे हैं और सरकार, प्रशासन, सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा स्वयंसेवी संगठन राहत कार्यों में जुटे हैं, तब सरकार को अस्थिर करने जैसी बातें करना राज्य और जनता के हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि फेसबुक लाइव के माध्यम से लगातार भ्रम और उकसावे का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने असम विधानसभा में विधायक अखिल गोगोई के आचरण की भी आलोचना की। शर्मा ने कहा कि विधानसभा के अन्य सदस्य संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हैं, जबकि अखिल गोगोई का व्यवहार कई बार एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के अनुरूप नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि गोगोई लोकतांत्रिक संवाद के बजाय अराजकता और टकराव की राजनीति को बढ़ावा देते हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

