उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले कांग्रेस पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का आरोप
गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस पर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा ने दावा किया कि कांग्रेस धार्मिक और संवेदनशील मुद्दों को उठाकर अपने वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रंजीब कुमार शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के हालिया साक्षात्कार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश समाचार पत्र 'द गार्जियन' को दिए साक्षात्कार में सोनिया गांधी ने 1990 के दशक में बाबरी मस्जिद विध्वंस की तस्वीरें टेलीविजन पर देखने के बाद पूरी रात रोने की बात कही थी।
शर्मा ने आरोप लगाया कि पहले से न्यायिक रूप से सुलझाए जा चुके राम जन्मभूमि मुद्दे को दोबारा राजनीतिक हथियार बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे मार्च 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की सोची-समझी राजनीतिक रणनीति करार दिया।
भाजपा प्रवक्ता ने 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद द्वारा आजमगढ़ में दिए गए बयान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खुर्शीद ने दावा किया था कि 2008 के बाटला हाउस मुठभेड़ की खबर सुनकर सोनिया गांधी फूट-फूटकर रोई थीं।
शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने दीपावली की तुलना ईद से जोड़कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा देने का प्रयास किया।
उन्होंने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों, कश्मीरी पंडितों की हत्याओं, भोपाल गैस त्रासदी, मुंबई, दिल्ली और गुवाहाटी में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों तथा असम आंदोलन के दौरान 855 लोगों की मौत जैसे मामलों पर वैसी भावनात्मक प्रतिक्रिया क्यों नहीं दिखाई।
शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 9 दिसंबर, 2006 के बयान का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से तुष्टीकरण की राजनीति के जरिए चुनावी लाभ हासिल करने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का उद्देश्य विकास और जनहित के बजाय धार्मिक आधार पर समाज को विभाजित करना है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

