home page

बिश्वनाथ मेडिकल कॉलेज जल्द होगा शुरू, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने लिया तैयारियों का जायजा

 | 
बिश्वनाथ मेडिकल कॉलेज जल्द होगा शुरू, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने लिया तैयारियों का जायजा


बिश्वनाथ (असम), 24 अक्टूबर (हि.स.)। असम के विश्वनाथ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को जल्द ही आम जनता के लिए शुरू किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने शनिवार को नवनिर्मित संस्थान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने के बाद यह असम का 16वां मेडिकल कॉलेज होगा।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवनों, पुस्तकालय, छात्र-छात्राओं के छात्रावास और चिकित्सकों व नर्सों के आवास सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सिंघल ने कहा कि राज्य में 10 मेडिकल कॉलेजों का निर्माण जारी है, जबकि चार अन्य कॉलेजों का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। नए संस्थानों से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

इसके बाद मंत्री ने जिला स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने, उच्च जोखिम वाले गर्भधारण की पहचान करने और अस्पतालों में प्रसव की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश