गुवाहाटी में वंदे मातरम् कैंप 2026-27 का उद्घाटन, युवाओं की भूमिका पर जोर
गुवाहाटी, 25 सितंबर (हि.स.)। असम के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने शुक्रवार को श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र स्थित डॉ. बनिकांत काकती सभागार में वंदे मातरम् कैंप 2026-27 के औपचारिक उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया।
मेरा युवा भारत (एमवाई भारत), कामरूप मेट्रो की ओर से केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के तहत 24 से 30 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे इस सप्ताहव्यापी शिविर का आयोजन वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया है। शिविर की थीम “युवा, संस्कृति, संविधान और राष्ट्र प्रथम” रखी गई है।
शिविर में असम, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और बिहार के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद एमवाई भारत असम के राज्य निदेशक दीनबंधु साहा ने स्वागत भाषण दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए दैमारी ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और जिम्मेदार एवं प्रगतिशील समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक मंच पर लाने से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को समझने के साथ-साथ साझा राष्ट्रीय भावना और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
शिविर के दौरान सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पारंपरिक नृत्य एवं संगीत, देशभक्ति कार्यक्रम, संवैधानिक जागरूकता और युवा सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर दैमारी ने शिविर में शामिल छात्र प्रतिनिधियों के लिए भूटान तथा अपने गृह विधानसभा क्षेत्र तामुलपुर के क्षेत्रीय भ्रमण की सुविधा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जताई। प्रस्तावित भ्रमण से विद्यार्थियों को क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समझने तथा देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवाओं के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में खेल निदेशक अंकुर भराली, एसीएस, गुवाहाटी नगर निगम की पार्षद रत्ना सिंह भारद्वाज समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

