home page

असम में विष्णु प्रसाद राभा को गीत-संगीत के माध्यम से किया गया स्मरण

 | 
असम में विष्णु प्रसाद राभा को गीत-संगीत के माध्यम से किया गया स्मरण


शोणितपुर (असम), 20 जून (हि.स.)। महान क्रांतिकारी कलाकार, साहित्यकार और सांस्कृतिक पुरोधा कलागुरू विष्णु प्रसाद राभा की पुण्यतिथि पर शनिवार को राज्य के विभिन्न स्थानों के साथ ही कलागुरू के जन्मस्थान तेजपुर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वर्ष 1969 में इसी दिन उन्होंने अंतिम सांस ली थी।

विष्णु राभा दिवस के अवसर पर तेजपुर स्थित प्रह्लाद चंद्र दास स्मृति नृत्यशाला में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में नई पीढ़ी के नृत्य विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कलागुरु को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कलाकारों ने उनके कला, संस्कृति और समाज के प्रति योगदान को स्मरण किया।

वहीं, तेजपुर के समन्वय क्षेत्र स्थित कलागुरु के समाधि स्थल पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान कलागुरु के पुत्र एवं विधायक पृथ्वीराज राभा, शोणितपुर के आयुक्त आनंद कुमार दास सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

समन्वय क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में नई पीढ़ी के कलाकारों ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर कलागुरु विष्णु प्रसाद राभा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा उनके आदर्शों और सांस्कृतिक विरासत को याद किया।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश