home page

सुरो के जादूगरजुबिन दाको एमपीए एकाडेमी ने दी जन्मदिन पर भावभीनी श्रद्धांजलि

 | 
सुरो के जादूगरजुबिन दाको एमपीए एकाडेमी ने दी जन्मदिन पर भावभीनी श्रद्धांजलि


गुवाहाटी, 18 नवंबर (हि.स.)। गीत-संगीत की दुनिया के चमकते सितारे और दिलों की धड़कन जुबिन गर्ग के जन्मदिन के अवसर पर आज मॉडर्न पब्लिक स्कूल, पकोरकोना हाजो के विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिल्पी 'जुबिन दा' को उनके संगीत के माध्यम से अनोखे अंदाज़ में याद किया। सच ही कहा गया है कि कलाकार कभी नहीं मरते, वे अपनी सृष्टि में हमेशा जीवित रहते हैं। आज जुबीन गर्ग के समाधि स्थल पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर में सुबह एक विशेष असेंबली (प्रार्थना सभा) का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ जुबिन दा के कई यादगार और लोकप्रिय गीत गाए, जिससे पूरा वातावरण संगीत की स्वरलहरियों और उनकी सुमधुर यादों से गूंज उठा। इन प्रस्तुतियों के जरिए सभी ने अपने प्रिय कलाकार को भावभीनी श्रद्धांजलि और शुभकामनाएं अर्पित कीं। आज उनकी 54वी जयंती है।

इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीनाक्षी शहरिया ने जुबिन दा के व्यक्तित्व और संगीत जगत में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके साथ विद्यालय की उप प्रधानाध्यापिका परवीन सैकिया भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना की।

जुबिन गर्ग का यह जन्मदिवस न केवल उनके संगीत का उत्सव था, बल्कि यह इस बात का प्रमाण भी था कि एक महान कलाकार अपने सुरों और कला के ज़रिए हमेशा अपने चाहने वालों के दिलों में अमर रहता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर