नगांव लोस उपचुनाव: भाजपा प्रत्याशी देवाशीष शर्मा के समर्थन में नामघरों में पहुंचे मंत्री बिमल बोरा
गुवाहाटी, 29 सितंबर (हि.स.)। असम के मंत्री बिमल बोरा ने नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी देवाशीष शर्मा के समर्थन में मंगलवार को जुरिया क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कई नामघरों में जाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और भाजपा प्रत्याशी के लिए समर्थन एवं आशीर्वाद मांगा।
बोरा ने जुरिया के कई गांवों के नामघरों में पहुंचकर स्थानीय लोगों के साथ बातचीत की और चुनाव को लेकर पार्टी के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने लोगों से देवाशीष शर्मा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
प्रचार अभियान के दौरान मंत्री ने क्षेत्र के शंकरी कला-संस्कृति के साधक बरबायन प्रेमेश्वर सैकिया से भी मुलाकात की। बोरा ने उन्हें कलाकार पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
नगांव लोकसभा सीट के कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। सीट के लिए मतदान 6 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को निर्धारित है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

