home page

आईपीएल सट्टेबाजी पर सिलचर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख रुपये से अधिक के नेटवर्क का भंडाफोड़

 | 
आईपीएल सट्टेबाजी पर सिलचर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख रुपये से अधिक के नेटवर्क का भंडाफोड़


कछार (असम), 11 मई, (हि.स.)। आईपीएल मैचों पर चल रहे अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ सिलचर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए बुकी कई दिनों से सट्टेबाजी का कारोबार चला रहे थे, जिसका अब तक का मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक आंका गया है।

कछार जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आज जारी सूचना के अनुसार विश्वसनीय सूचना के आधार पर सिलचर के उदयन कॉम्प्लेक्स रोड स्थित दास कॉलोनी इलाके में छापेमारी की गई। अभियान के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुमन रॉय (42), सुजन रॉय (48) तथा निताई रॉय (40) के रूप में हुई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से आईपीएल सट्टेबाजी के हिसाब-किताब से जुड़े पांच नोटबुक, 30,190 रुपये नकद, ओम777 ऐप का उपयोग कर रहे सात मोबाइल फोन तथा एक काले रंग का बैग बरामद किया।

इसके अलावा पुलिस ने आश्रम रोड इलाके में भी अलग अभियान चलाकर संजय दास नामक एक अन्य सट्टेबाज को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और 15,100 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जब्त सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिलचर थाना लाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश