असम में बदलाव चाहती है जनता, कांग्रेस की जीत का दावा : भूपेश बघेल
गुवाहाटी, 25 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस के चुनावी पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने बुधवार को गुवाहाटी पहुंचकर दावा किया कि असम की जनता इस बार बदलाव चाहती है और कांग्रेस राज्य में मजबूती से जीत हासिल करेगी।
मीडिया से बातचीत में बघेल ने कहा कि जिन पांच राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, उनमें से कम से कम चार राज्यों—असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के रुझान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस बार सत्ता परिवर्तन संभव है।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा द्वारा कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने कहा कि सरमा का लगातार चुनाव प्रचार में व्यस्त रहना उनकी चिंता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को अपनी जीत पर भरोसा होता तो इतनी भागदौड़ की जरूरत नहीं पड़ती।
बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छह समुदायों को जनजाति का दर्जा देने सहित कई वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि 10 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद इन समुदायों को सिर्फ ठगा गया है और इस बार वे भाजपा को समर्थन नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए बघेल ने कहा कि राज्य के संसाधनों जैसे- जमीन, कोयला और बालू का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने डॉ. सरमा को देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्रियों में से एक बताया।
अरुणोदय योजना को लेकर भी बघेल ने आरोप लगाया कि महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को यह संदेश दिया जा रहा है कि सहायता भाजपा के समर्थन पर निर्भर है।
प्रसिद्ध असमिया गायक जुबीन गर्ग का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि राज्य के लोग उनके लिए न्याय चाहते हैं और वर्तमान सरकार में यह संभव नहीं है।
बघेल ने कहा कि कांग्रेस राज्य के “जाति, माटी और भेटी” की रक्षा करेगी और आदिवासी व स्वदेशी लोगों की जमीन को बड़े कॉरपोरेट समूहों से बचाएगी। उन्होंने कहा कि असम में असली मुकाबला भाजपा से नहीं बल्कि “असली कांग्रेस” और “नकली कांग्रेस” के बीच है, जिसमें गौरव गोगोई असली कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं।
भाजपा की हैट्रिक जीत के दावे को खारिज करते हुए बघेल ने कहा कि राज्य में असल में एक राजनीतिक सिंडिकेट की सरकार चल रही है। अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार, खासकर गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
अंत में बघेल ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर स्वदेशी और जनजातीय समुदायों की जमीन वापस दिलाने, छह समुदायों को जनजाति का दर्जा देने और अन्य लंबित मुद्दों को हल करने की दिशा में काम करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

