home page

गौहाटी विश्वविद्यालय में ‘भूपेंद्र भुवन: शताब्दी स्मरण’ कार्यक्रम आयोजित

 | 
गौहाटी विश्वविद्यालय में ‘भूपेंद्र भुवन: शताब्दी स्मरण’ कार्यक्रम आयोजित


गौहाटी विश्वविद्यालय में ‘भूपेंद्र भुवन: शताब्दी स्मरण’ कार्यक्रम आयोजित


गुवाहाटी, 27 मार्च (हि.स.)। गौहाटी विश्वविद्यालय में ‘भूपेंद्र भुवन: शताब्दी स्मरण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। गौहाटी विश्वविद्यालय के ‘आधुनिक भारतीय भाषा और साहित्य अध्ययन विभाग’ के शोधार्थी मंच तथा विभाग के पूर्व छात्र संघ के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार व शुक्रवार को दो दिवसीय कार्यक्रमों के तहत ‘भूपेंद्र भुवन: शताब्दी स्मरण’ का आयोजन किया गया।

उद्घाटन सत्र में शैक्षणिक रजिस्ट्रार प्रोफेसर राजीव संदिकै ने ‘भूपेन हजारिका : दा इटरनल वंडेरेर शीर्षक स्मारिका का विमोचन किया और भूपेन हजारिका के जीवन पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर प्रसिद्ध तबला वादक सूर्य गोस्वामी ने, जिन्होंने हज़ारिका के साथ संगत की थी, सम्मानित अतिथि के रूप में अपने विचार साझा किए।

विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अनुराधा शर्मा के स्वागत भाषण के साथ आरंभ हुए इस समारोह में लोक संस्कृति अध्ययन विभाग के प्रमुख पद्मश्री अनिल कुमार बोड़ो, प्रोफेसर दिलीप बोरा, उपकुलपति के सचिव एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मृणाल ज्योति डेका, विशेष कर्तव्य अधिकारी डॉ. संजय कुमार दत्ता सहित अनेक शिक्षक, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में हज़ारिका के जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाती एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया।

डॉ. धुर्जटी शर्मा के संचालन में आयोजित ‘भूपेंद्र भुवन: शताब्दी स्मरण’ विषयक परिचर्चा में डॉ. अनुप डेका, मनजीत राजकोंवर, डॉ. पंकज ज्योति गोगोई और डॉ. स्तुति गोस्वामी ने वक्ता के रूप में भाग लेते हुए हज़ारिका के व्यक्तित्व, जीवन-दर्शन, विचारधारा और असमिया समाज-संस्कृति में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। चर्चा के दौरान उनके साहित्यिक सृजन, सामाजिक आदर्शों और दूरदर्शी चिंतन का भी विस्तृत विश्लेषण किया गया।

इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय के संचार एवं पत्रकारिता विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. भारती भराली ने ‘पत्रकारिता और सिनेमा में भूपेन हज़ारिका’ विषय पर तथ्यपरक और गहन व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने हज़ारिका की बहुआयामी प्रतिभा और समाज के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर