भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी पर आयोजित इंस्टारील प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा
गुवाहाटी, 20 नवंबर (हि.स.)। असम के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री बिमल बोरा ने भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा आयोजित वैश्विक इंस्टारील प्रतियोगिता के परिणामों की शुक्रवार को घोषणा की। नई दिल्ली स्थित असम हाउस के सम्मेलन कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में परिणाम घोषित किए गए। इस अवसर पर मंत्री डॉ. रनोज पेगू, अतुल बोरा, जयंत मल्लबरुवा, कृष्णेंदु पॉल और चरण बोडो भी उपस्थित थे।
‘डॉ. भूपेन हजारिका का जीवन, रचनाएं और अमर विरासत’ विषय पर आधारित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य डिजिटल वीडियो के माध्यम से युवा पीढ़ी को महान कलाकार के संगीत, साहित्य, दर्शन और मानवीय मूल्यों से जोड़ना था।
विश्वभर के 16 वर्ष और उससे अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए आयोजित प्रतियोगिता में इंस्टाग्राम और गूगल फॉर्म के माध्यम से कुल 836 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। इनमें वृत्तचित्र, कहानी प्रस्तुति, संगीत, नृत्य, कविता पाठ, एनिमेशन और दृश्य कला जैसी विभिन्न रचनात्मक विधाएं शामिल थीं। प्रारंभिक चयन के बाद 50 प्रविष्टियों को अंतिम मूल्यांकन के लिए चुना गया।
अंतिम चयन में अवधारणा, रचनात्मकता, प्रस्तुति, तकनीकी निष्पादन और भावनात्मक प्रभाव सहित पांच मानदंडों के आधार पर 100 अंकों की मूल्यांकन प्रणाली अपनाई गई। निर्णायक मंडल में पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता दीप चौधरी, पुरस्कार विजेता संपादक, निर्देशक एवं पटकथा लेखक झूलन कृष्ण महंत और अभिनेत्री, गायिका तथा डिजिटल कंटेंट क्रिएटर ऐचेंगफा बरुवा शामिल थे। इसके अलावा जन्मशताब्दी समारोह की कोर कमेटी के सदस्य, डॉ. हजारिका के लंबे समय के सहयोगी एवं संगीतकार कमल कटकी तथा प्रसिद्ध शास्त्रीय तालवादक और तबला वादक पबन बरदलै भी निर्णायक मंडल में शामिल थे।
जोरहाट के अलिम्पी श्रेयम गोगोई ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया, जबकि गुवाहाटी के हर्षदीप कलिता ने दूसरा और गुवाहाटी के प्रज्ञान ज्योति भुइयां ने तीसरा पुरस्कार प्राप्त किया।
सांत्वना पुरस्कार पाने वालों में भायोलीना बोडो, ऋषिकेश कलिता, प्रत्याशी दास, मानस ज्योति राय, नंदिता डेका, समर दास, जिंटू हालोई, अर्नब ज्योति दास, अंकिता गोस्वामी, अनाया भारद्वाज एवं मयूर ठेंगाल, सुब्रतो मंडल, कल्पज्योति फूकन, बरषा सैकिया बोरा, भास्वती बोरा और दीपशिखा डेका शामिल हैं।
प्रथम पुरस्कार विजेता को दो लाख रुपये, दूसरे पुरस्कार विजेता को डेढ़ लाख रुपये तथा तीसरे पुरस्कार विजेता को एक लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। वहीं, प्रत्येक सांत्वना पुरस्कार विजेता को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इस पहल के माध्यम से रचनात्मकता, तकनीक और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को जोड़कर सुधाकंठ भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की अमर विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और संरक्षित करने का प्रयास किया गया।
संवाददाता सम्मेलन में असम सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव बी. कल्याण चक्रवर्ती तथा सांस्कृतिक मामलों के निदेशक राहुल दास भी उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

