राजीव भवन में ‘हर हर महादेव’ से अब ‘धर धर मार मार’ तक : भूपेन बोरा
गुवाहाटी, 22 मई (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा विधायक भूपेन कुमार बोरा ने शुक्रवार को कांग्रेस के भीतर चल रहे विवाद को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने राजीव भवन में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और पार्टी नेता जुबैर अनम के बीच कथित विवाद पर प्रतिक्रिया व्यक्त हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।
भूपेन बोरा ने कहा, “जब मैं वहां था तब राजीव भवन में ‘हर हर महादेव’ के नारे लगते थे, लेकिन अब ‘धर धर मार मार’ कहा जा रहा है।” उन्होंने इस टिप्पणी के जरिए कांग्रेस के भीतर बढ़ती गुटबाजी और आंतरिक कलह पर कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि “एपीसीसी-आर ऐसे ही चलता रहेगा।” बोरा ने आरोप लगाया कि जब तक “ल'ड़ा राजा और उनके सलाहकार” पार्टी में बने रहेंगे, तब तक कांग्रेस की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आएगा।
भाजपा विधायक ने यह बयान असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम और कांग्रेस के अंदरूनी विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए आज विधानसभा परिसर में दिया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

