नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त अरुणाचल”: ब्रह्मकुमारी का रविवार से 10 करोड़ नशा-मुक्त शपथ मेगा अभियान का शुभारंभ
इटानगर, 31 जुलाई (हि.स.)। ब्रह्माकुमारीज़, इटानगर द्वारा “नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त अरुणाचल” के प्रेरणादायक राष्ट्रीय संकल्प के अंतर्गत “10 करोड़ नशा-मुक्त शपथ मेगा अभियान” का राज्य स्तरीय शुभारंभ रविवार को ब्रह्मकुमारीज़ राजयोग केंद्र, दिल्ली पब्लिक स्कूल के निकट, जोलांग, इटानगर में आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर गृह एवं अंतर-राज्य सीमा मामले के मंत्री ममा नातुंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। पुलिस महानिदेशक शिव दर्शन सिंह जमवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त अनेक गणमान्य अतिथि, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, पुलिस प्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षाविद्, युवा प्रतिनिधि, सामुदायिक नेता एवं नागरिक समाज के सदस्य भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
यह अभियान ब्रह्मकुमारीज़ एवं भारत सरकार के गृह मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापनों के माध्यम से और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।
यह कार्यक्रम अखिल भारतीय नशा मुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य नशा-मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प को सुदृढ़ करना तथा एक स्वस्थ, सुरक्षित, सशक्त एवं नशा-मुक्त समाज की स्थापना करना है।
ये सहयोगात्मक ढांचे नशा उन्मूलन के राष्ट्रीय प्रयास में जागरूकता, रोकथाम, सामुदायिक सहभागिता, पुनर्वास एवं सामाजिक पुनर्स्थापन के समन्वित प्रयासों के महत्व को रेखांकित करते हैं।
यह 10 करोड़ नशा-मुक्त शपथ मेगा अभियान नागरिकों को नशा-मुक्त जीवन के प्रति जागरूक संकल्प लेने तथा अपने परिवार, संस्थानों एवं समुदायों में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने के लिए प्रेरित करता है।
ब्रह्मकुमारीज़ का मानना है कि नशा के विरुद्ध संघर्ष केवल कानून प्रवर्तन से संभव नहीं है। इसके लिए आत्म-जागरूकता, भावनात्मक दृढ़ता, मूल्य-आधारित शिक्षा, पारिवारिक सहयोग, सकारात्मक संगति, स्वस्थ जीवनशैली एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण आवश्यक है। राजयोग ध्यान के माध्यम से संगठन आंतरिक स्थिरता, आत्म-नियंत्रण, सकारात्मक चिंतन तथा व्यक्ति की अंतर्निहित गरिमा एवं आंतरिक शक्ति के पुनर्जागरण को प्रोत्साहित करता है।
यह पहल विशेष रूप से अरुणाचल प्रदेश के युवाओं को एक स्वस्थ, उद्देश्यपूर्ण एवं नशा-मुक्त जीवनशैली के दूत बनने के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखती है।
ब्रह्मकुमारीज़, इटानगर, सभी नागरिकों को इस महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लेने तथा नशा-मुक्त भारत एवं नशा-मुक्त अरुणाचल प्रदेश के सामूहिक संकल्प में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

