गुवाहाटी लापता महिला मामला: 48 घंटे बाद सामने आई भावना शर्मा, कहा—आत्महत्या के इरादे से गई थी शिलांग
गुवाहाटी, 29 अप्रैल (हि.स.)। पिछले दो दिनों से लापता चल रही गुवाहाटी की एक महिला सुरक्षित घर लौट आई है और सामने आकर पूरे घटनाक्रम पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। भावना शर्मा ने खुलासा किया कि वह शिलांग आत्महत्या करने के इरादे से गई थीं, हालांकि बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल लिया।
सोशल मीडिया पर बीती रात जारी एक वीडियो संदेश में भावना ने स्पष्ट किया कि उनके गायब होने में किसी तीसरे व्यक्ति की कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने कैब चालक या किसी बाहरी व्यक्ति के शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल को वह स्वयं घर से निकलीं और जालुकबाड़ी से पलटन बाजार होते हुए शिलांग पहुंचीं। वहां उन्होंने अकेले एक होटल में ठहराव किया और कहा कि सीसीटीवी फुटेज से यह साबित हो जाएगा कि पूरे सफर के दौरान वह अकेली थीं।
भावना ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी मां को जो “खतरे में होने” का संदेश भेजा था, वह गलत था और मानसिक तनाव की स्थिति में भेजा गया था। उन्होंने कहा, “उस समय मैं मानसिक रूप से स्थिर नहीं थी। मैं घबराई हुई, उलझन में थी और साफ सोच नहीं पा रही थी। एक समय ऐसा भी आया जब मैंने अपनी जिंदगी खत्म करने के बारे में सोचा, लेकिन बाद में एहसास हुआ कि मैं ऐसा नहीं कर सकती और वापस लौटने का निर्णय लिया।”
उन्होंने आगे बताया कि अगली सुबह बाहर बैठने के दौरान उन्होंने एक महिला से मदद मांगी और अपनी मां से संपर्क किया। असम पुलिस की सहायता से वह सुरक्षित घर लौट आईं।
भावना ने आरोप लगाया कि वह पिछले दो वर्षों से निहार ज्योति शर्मा नामक युवक के साथ संबंध में थीं, जिसके दौरान उन्हें भावनात्मक दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस संबंध की जानकारी दोनों परिवारों को थी।
उनके अनुसार, संबंध खत्म करने की कोशिश करने पर उन्हें निजी फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई। साथ ही उनके और उनके परिवार के खिलाफ भी डराने-धमकाने की बातें कही गईं, जिससे वह लंबे समय तक भय में जीती रहीं।
उन्होंने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों और मानसिक दबाव के कारण उन्होंने 24 अप्रैल को घर छोड़ने का कदम उठाया। भावना ने पुष्टि की कि इस मामले में उन्होंने एफआईआर दर्ज करा दी है और पुलिस जांच में सहयोग कर रही हैं।
अपने संदेश के अंत में उन्होंने ऐसे हालात से गुजर रहे लोगों से अपील की कि वे चुप न रहें और समय रहते मदद लें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

