home page

बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए भाकिसं, डिब्रूगढ़ की पहल

 | 
बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए भाकिसं, डिब्रूगढ़ की पहल


शिवसागर (असम), 16 अगस्त (हि.स.)। भारतीय किसान संघ (भाकिसं), डिब्रूगढ़ जिला द्वारा बाढ़ प्रभावित किसानों की सहायता के लिए एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल की गई। डिब्रूगढ़ जिले के किसानों ने अपने हिस्से के धान से धान की पौध तैयार कर शिवसागर जिले के बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए उपलब्ध कराई।

आज शिवसागर जिले के अत्यंत दुर्गम एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मेचागढ़ में किसानों के बीच इन धान की पौध का वितरण किया गया। भारतीय किसान संघ, डिब्रूगढ़ जिला के अध्यक्ष लुकेन कलिता एवं सचिव बिपुल गोगोई के नेतृत्व में संगठन के अनेक कार्यकर्ता इस अभियान में शामिल हुए और दूर-दराज के बाढ़ प्रभावित किसानों के घर-घर तक धान की पौध पहुंचाई।

उल्लेखनीय है कि मेचागढ़ क्षेत्र के अनेक किसानों को अब तक धान की पौध उपलब्ध नहीं हो पाई थी। ऐसे कठिन समय में भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वयं पौध तैयार कर किसानों तक पहुंचाने से किसानों में आशा और विश्वास का संचार हुआ। लगभग 100 किसानों के बीच धान की पौध वितरित की गई।

इस अवसर पर स्थानीय किसानों ने कठिन परिस्थिति में सहयोग और समय पर सहायता पहुंचाने के लिए भारतीय किसान संघ के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

भारतीय किसान संघ की यह पहल ‘किसान से किसान तक सहयोग’ की भावना को साकार करती है और कृषि समुदाय की एकता, संवेदनशीलता, आत्मनिर्भरता तथा परस्पर सहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है।

भाकिसं के पदाधिकारियों ने कहा कि किसान किसान की मदद करें—मिलकर हम खेती को फिर से खड़ा करेंगे और समृद्धि की ओर आगे बढ़ेंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश