home page

बाढ़ प्रभावित 350 छात्रों को निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म वितरित

 | 
बाढ़ प्रभावित 350 छात्रों को निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म वितरित


शिवसागर (असम), 11 सितंबर (हि.स.)। भारतीय किसान संघ, असम के उद्योग और सेउजी बसुंधरा बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति लिमिटेड, शिवसागर के सहयोग से जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के 350 छात्रों को निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इस पहल के तहत गुरुवार को चार विद्यालयों के कुल 230 छात्रों के बीच बाढ़ राहत के रूप में स्कूल यूनिफॉर्म वितरित किए गए।

बेतबारी स्थित शंकरदेव शिशु विद्या निकेतन में 120 जोड़ी, जयरापार मध्य असमिया विद्यालय में 40 जोड़ी, कोवामारा संदिकै प्राथमिक विद्यालय में 30 जोड़ी तथा देवबिल बनुआ प्राथमिक विद्यालय में 40 जोड़ी यूनिफॉर्म वितरित किए गए। शेष 120 छात्रों को सोमवार को राजाबाड़ी प्राथमिक विद्यालय और जयरापार जनकल्याण प्राथमिक विद्यालय में यूनिफॉर्म प्रदान किए जाएंगे।

हाल की बाढ़ से क्षेत्र के कई परिवारों के घर, कृषि भूमि और दैनिक जीवन को व्यापक नुकसान पहुंचा है, जिससे छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई है। ऐसे समय में विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने और उनकी शिक्षा की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

विद्यालयों के शिक्षकों ने इस सहयोग के लिए भारतीय किसान संघ और सेउजी बसुंधरा बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति के प्रति आभार जताया। इससे पहले समिति की ओर से बाढ़ प्रभावित किसानों के बीच पशु चारा और धान के बीज भी वितरित किए गए थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश