home page

गुवाहाटी में 26 से 29 नवंबर तक 24वां भागवत नाम संकीर्तन मेला आयोजित होगा

 | 
गुवाहाटी में 26 से 29 नवंबर तक 24वां भागवत नाम संकीर्तन मेला आयोजित होगा


गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के गोरचुक स्थित पूर्व तिरुपति श्री बालाजी मंदिर में 26 से 29 नवंबर तक 24वें वर्ष का भागवत नाम संकीर्तन मेला आयोजित किया जाएगा। चेन्नई की भगवान नाम प्रचार मंडली (बीएनपीएम) की ओर से आयोजित इस आध्यात्मिक आयोजन को कांची कामकोटि पीठ के परम पूज्य श्री श्री शंकराचार्य स्वामीगल का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त है। मेले का उद्देश्य भगवान के पवित्र नाम का प्रचार-प्रसार करना है।

मेले के शुभारंभ से पहले 25 नवंबर को मां कामाख्या मंदिर परिसर में श्री दश महाविद्या होम का आयोजन किया जाएगा।

26 से 28 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह तोडया मंगलम, गुरु कीर्तन, अष्टपदी के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद तरंगम, पंचपदी और ध्यान का आयोजन होगा। शाम को पूजा, दिव्य नाम संकीर्तन और डोलोत्सव आयोजित किए जाएंगे।

29 नवंबर को मेले के समापन दिवस पर उंजवृत्ति और नाम संकीर्तन के बाद श्री राधा कल्याण का आयोजन होगा, जिसे वंजीयम मुरलीधरन भागवतार संपन्न करेंगे। इसके बाद अंजनेय उत्सव आयोजित किया जाएगा।

भगवान नाम प्रचार मंडली के संस्थापक ट्रस्टी गोपी भागवतार तथा पूर्व तिरुपति श्री बालाजी सेवा समिति के ट्रस्टी एवं उपाध्यक्ष डॉ. के. बालासुब्रमणियम ने आज एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान का पवित्र नाम भाषा, क्षेत्र और परंपरा से परे लोगों के हृदय को जोड़ने की शक्ति रखता है। उन्होंने असम और पूर्वोत्तर के श्रद्धालुओं से मेले में शामिल होकर सतगुरुनाथाल और भागवतों का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश