बंगाल का जनादेश देश की जीत: हिमंत बिस्व सरमा
गुवाहाटी, 05 मई, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के हालिया चुनाव परिणाम को “देश की जीत” करार देते हुए कहा कि राज्य से जुड़ी सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों की चिंताओं ने देश के कई हिस्सों में असहजता पैदा की थी।
गुवाहाटी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. सरमा ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रविरोधी तत्वों और आपराधिक गिरोहों की गतिविधियां खुले तौर पर संचालित होती रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की संवेदनशीलता के कारण पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों में असुरक्षा की स्थिति बनी रहती है।
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि अन्य राज्यों में अपराध करने वाले कई लोग पश्चिम बंगाल को सुरक्षित ठिकाने के रूप में देखते हैं, जिससे आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियां बढ़ती हैं।
असम के विकास और शासन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए डॉ. सरमा ने कहा कि उनकी सरकार नई योजनाएं शुरू करने के बजाय पहले से चल रहे कार्यों को ही तेज गति से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में शुरू किए गए विकास कार्यों को अब और गति दी जाएगी।
उन्होंने दोहराया कि सरकार का फोकस जारी परियोजनाओं और प्रशासनिक पहलों के त्वरित क्रियान्वयन पर रहेगा, ताकि राज्य में निरंतर विकास सुनिश्चित किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

