भैंस के मांस के नाम पर असम में कथित गोमांस का कारोबार, एक गिरफ्तार
गुवाहाटी, 10 अगस्त (हि.स.)। असम में भैंस के मांस के नाम पर कथित तौर पर गोमांस के बड़े पैमाने पर कारोबार का मामला सामने आया है। हाथीगांव पुलिस ने इस सिलसिले में रुहुल अमीन नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में संदिग्ध गोमांस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पड़ोसी राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से रेल के जरिए मांस की खेप असम लाई जाती थी। कथित तौर पर खेप को पलटन बाजार रेलवे स्टेशन पर उतारने के बाद सिजुबाड़ी के अनुपम पथ स्थित एक गोदाम में ले जाया जाता था।
पुलिस का आरोप है कि यह गोदाम रुहुल अमीन के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा था और यहां से गुवाहाटी के विभिन्न होटलों में मांस की आपूर्ति की जाती थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिष/गोमांस के नाम पर एमएलसी कूरियर सर्विस के माध्यम से भी मांस की आवाजाही की जाती थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कथित आपूर्ति नेटवर्क, मांस के स्रोत तथा इसके गंतव्य का पता लगाने में जुटी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

