हरि मंदिर और हिंदू परिवार के आंगन में गोमांस फेंकने वाले को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा
धुबड़ी (असम), 18 जून (हि.स.)। धुबड़ी जिले के गोलकगंज क्षेत्र अंतर्गत छागलिया में हरि मंदिर परिसर तथा एक हिंदू परिवार के घर के आंगन में कथित रूप से गोमांस फेंके जाने की घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आमिर अली नामक व्यक्ति पर हरि मंदिर और एक हिंदू व्यक्ति के घर के आंगन में गोमांस फेंकने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को खदेड़कर पकड़ लिया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की तथा आश्वासन दिया कि मामले में कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे की मंशा और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया है। मामले की जांच जारी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

