रेल माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए अलीपुरद्वार में बीडीयू की बैठक आयोजित
कोकराझार (असम), 09 सितम्बर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अलीपुरद्वार मंडल की ओर से रेल माल ढुलाई को बढ़ावा देने और कारोबार में सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माल ढुलाई से जुड़े ग्राहकों एवं विभिन्न हितधारकों के साथ बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में माल की सुरक्षित लोडिंग एवं अनलोडिंग, ओएचई से संबंधित सुरक्षा सावधानियों तथा विभिन्न हितधारकों द्वारा लगाए गए श्रमिकों एवं मजदूरों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान विभिन्न हितधारकों ने अपनी समस्याएं, चिंताएं और मांगें मंडल के समक्ष रखीं, जिन पर उचित समाधान के लिए विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) और कार्गो रिलेटेड फैसिलिटीज (सीआरएफ) के माध्यम से रेल माल यातायात बढ़ाने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
अलीपुरद्वार मंडल के विभिन्न स्थानों पर मालगोदामों के विकास एवं उन्नयन के लिए चल रहे कार्यों की भी जानकारी दी गई। इनमें न्यू कूचबिहार, धूपगुड़ी, डालगांव, फालाकाटा, तुफानगंज, बिन्नागुड़ी, जोराई, गौरीपुर, न्यू माल जंक्शन, डामडिम और हासीमारा सहित अन्य स्थान शामिल हैं। इन सुविधाओं में बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया, जल निकासी व्यवस्था, सड़क, कार्यालय, श्रमिक सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी जैसी सुविधाओं को विकसित एवं उन्नत किया जा रहा है।
बैठक के माध्यम से अलीपुरद्वार मंडल ने सुरक्षित, कुशल और ग्राहक-केंद्रित माल ढुलाई सेवाओं को मजबूत करने तथा रेल आधारित लॉजिस्टिक्स को और अधिक प्रभावी बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

