home page

बरपेटा में तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार, पासबुक, डेबिट कार्ड और मोबाइल फोन जब्त

 | 
बरपेटा में तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार, पासबुक, डेबिट कार्ड और मोबाइल फोन जब्त


-रिफंड के नाम पर महिला से की थी एक लाख की साइबर ठगी-चार बैंक खातों की पासबुक, सात डेबिट कार्ड और तीन मोबाइल फोन जब्त- किराये के बैंक खातों से ठगी का नेटवर्क चलाने का खुलासा

बरपेटा (असम), 10 नवंबर (हि.स.)। बरपेटा पुलिस ने मंगलवार को साइबर ठगी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बरपेटा सदर थाना क्षेत्र के दामलझार गांव निवासी मोजम्मिल, हमीदुल खान और मजीदुर रहमान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से चार बैंक खातों की पासबुक, सात डेबिट कार्ड और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने ऑनलाइन खरीदे गए सामान के रिफंड के नाम पर एक महिला को झांसे में लेकर उसके बैंक खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अभियान चलाकर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

बरपेटा अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीरण बैश्य ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कुछ लोग बैंक खाते किराये पर लेकर साइबर अपराधियों के संगठित नेटवर्क के जरिए ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बीते 28 अक्टूबर को डीपीआरसी के निदेशक तथा लेखक-पत्रकार दिगंत दास की पत्नी ने ऑनलाइन खरीदे गए ‘फर्स्टक्राई’ ब्रांड के एक उत्पाद का ऑर्डर रद्द कर दिया था। इसके बाद वह रिफंड पाने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान खुद को कंपनी के कस्टमर केयर का प्रतिनिधि बताने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें झांसे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, ठग ने महज पांच सेकंड में महिला के बैंक खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए।

घटना की शिकायत मिलने के बाद बरपेटा पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान ठगी की रकम जिस बैंक खाते में स्थानांतरित की गई थी, उसकी जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने मोजम्मिल, हमीदुल खान और मजीदुर रहमान को गिरफ्तार किया। तीनों से पूछताछ की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैश्य ने बताया कि साइबर अपराधियों का यह समूह दूसरे लोगों के बैंक खाते किराये पर लेकर ठगी की रकम उनमें जमा करता है। बाद में इन खातों के जरिए रकम निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जान-बूझकर अपने बैंक खाते ऐसे गिरोहों को किराये पर दे रहे हैं, जिनका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर साइबर ठगी में किया जा रहा है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय