पूर्व बैंक मैनेजर धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार
इटानगर, 24 जुलाई (हि.स.)। अरूणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर पुलिस ने सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया की गंगा शाखा के पूर्व मैनेजर विवोटो वी. ज़िमो को गिरफ़्तार किया है। उन पर सरकारी योजनाओं, जैसे 'आत्मनिर्भर पशुपालन योजना' और 'दीन दयाल उपाध्याय स्वावलंबन योजना' के फ़ंड में हेराफेरी करने और लाभार्थियों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप है।
इटानगर में आज मीडिया से बात करते हुए, पुलिस अधीक्षक जुम्मर बसार ने बताया कि इटानगर पुलिस स्टेशन में एक लाभार्थी से लिखित शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। लाभार्थी ने आरोप लगाया था कि बैंक मैनेजर ने उसकी सब्सिडी की रकम का गबन कर लिया है। इस शिकायत के आधार पर 9 जुलाई को इटानगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू हुई। जांच के दौरान अब तक 18 पीड़ितों की पहचान की गई है, और कुल धोखाधड़ी की रकम 3.23 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जांच के दौरान फ़रार चल रहे आरोपित को पड़ोसी राज्य नगालैंड की डिमापुर पुलिस की मदद से 15 जुलाई को डिमापुर स्थित उसके घर से गिरफ़्तार किया गया।
पूलिस ने बताया कि आरोपित ने लोन और सब्सिडी के पैसे निकालने के लिए पहले से साइन की हुई विड्रॉल स्लिप का गलत इस्तेमाल किया और पैसे को कई बैंक अकाउंट्स के ज़रिए इधर-उधर घुमाया। इसके बाद, उस रकम को क्रिप्टोकरेंसी और शेयर बाज़ार में निवेश किया गया है।
जांच अभी जारी है और पुलिस ने अन्य संभावित पीड़ितों से अपील की है कि वे ज़रूरी दस्तावेज़ों के साथ सामने आएं, उनके साथ पूरा न्याय किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

