home page

ऊपरी असम में बाढ़ पीड़ितों को 15 हजार की सहायता में बैंक संबंधी दिक्कतें बनी बाधा

 | 
ऊपरी असम में बाढ़ पीड़ितों को 15 हजार की सहायता में बैंक संबंधी दिक्कतें बनी बाधा


गुवाहाटी, 08 अगस्त (हि.स.)। असम के जल संसाधन मंत्री सुशांत बरगोहाईं ने ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित लोगों को आश्वासन दिया है कि सरकार बाढ़ पीड़ित परिवारों को दी जाने वाली 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

मंत्री ने बताया कि कुछ बाढ़ प्रभावित परिवारों को सही बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड आदि उपलब्ध नहीं होने तथा बैंक खाते से आधार लिंक नहीं होने के कारण अब तक 15 हजार रुपये की सहायता नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि इन तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है, ताकि पात्र लाभार्थियों को जल्द सहायता मिल सके।

बरगोहाईं ने ऊपरी असम में प्रलयंकारी बाढ़ से सर्वस्व गंवाने वाले परिवारों के क्षय-क्षति के सर्वेक्षण की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक शिक्षक और पंचायत प्रतिनिधि घर-घर जाकर बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेंगे। मंत्री बाढ़ राहत कार्यों के बीच पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि घरों में जाकर किए गए सर्वेक्षण के आधार पर वास्तविक रूप से बाढ़ प्रभावित परिवारों की पहचान की जाएगी। इसके बाद पात्र परिवारों को सरकार की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि किसी भी वास्तविक बाढ़ पीड़ित परिवार को तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से सरकारी सहायता से वंचित न होना पड़े।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश